पूर्वी सिंहभूम, 08 अक्टूबर (झा.हे.)। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी शुरू कर दी है। कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में बुधवार को यूसीआईएल भवन, जादूगोड़ा में एक उच्चस्तरीय अंतर्राज्यीय और अंतरजिला बैठक आयोजित की गई।
घाटशिला उपचुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट
बैठक में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, एसपी सरायकेला-खरसावां मुकेश लुणायत, रूरल एसपी ऋषभ गर्ग और पुलिस अधीक्षक रेल टाटानगर समेत पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया और ओडिशा के मयूरभंज जिलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
चुनाव में पारदर्शिता और कानून व्यवस्था पर जोर
डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को स्वच्छ, पारदर्शी और स्वतंत्र तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सीमावर्ती जिलों में संवेदनशील इलाकों की विशेष निगरानी, वाहनों की सघन जांच, और संयुक्त पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीमावर्ती जिलों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी व्यवस्था बनी रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें गठित की जाएं।
नियंत्रण कक्ष को मिले त्वरित सूचना
डीआईजी ने सभी संबंधित जिलों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि आचार संहिता के उल्लंघन या किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष और वरीय अधिकारियों तक पहुंचे, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
शांतिपूर्ण उपचुनाव सुनिश्चित करने की तैयारी
बैठक में यह भी तय किया गया कि अंतर्राज्यीय समन्वय को मजबूत किया जाए ताकि उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा में कोई चूक न हो। सभी सीमावर्ती थानों में संयुक्त निगरानी टीमों की तैनाती की जाएगी और वोटिंग के दिन विशेष सुरक्षा बल सक्रिय रहेंगे।






