जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम (14 अक्टूबर): सिख समुदाय में उत्साह का माहौल है। श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में इस वर्ष 5 नवंबर को सोनारी गुरुद्वारा साहिब से नगर कीर्तन का नगर भ्रमण निकाला जाएगा। इस आयोजन के लिए साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
साकची गुरुद्वारा में फूलों की वर्षा और भव्य आतिशबाजी
गुरुद्वारा कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष नगर कीर्तन का स्वागत भव्य रूप में किया जाएगा।
साकची गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा, वहीं पालकी साहिब के स्वागत में फूलों की वर्षा और आकाश को आलोकित करती आतिशबाजी भी होगी।
गुरुद्वारा साहिब के प्रधान निशान सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी संगत के लिए आयोजन अविस्मरणीय बनाया जाएगा।
नगर कीर्तन से पहले निकलेगी प्रभात फेरी
जनसंपर्क और आध्यात्मिकता को जोड़ते हुए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक पांच दिवसीय प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह फेरी स्त्री सत्संग सभा के सहयोग से आयोजित की जाएगी।
इस प्रभात फेरी की व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रीतपाल सिंह, अमरपाल सिंह, हरविंदर सिंह और सुरजीत सिंह छीते को सौंपी गई है।
जो संगत अपने घर प्रभात फेरी आमंत्रित करना चाहती है, वे 8210248895 नंबर पर संपर्क कर सकती हैं। प्रतिदिन प्रभात फेरी केवल तीन घरों में जाएगी।
लंगर सेवा और संगत की भागीदारी
नगर कीर्तन के दौरान लंगर सेवा की व्यवस्था के लिए बलबीर सिंह, सतनाम सिंह घुम्मण सिंह और रणधीर सिंह ने विशेष सुझाव दिए।
लंगर संचालन की निगरानी सिख नौजवान सभा द्वारा की जाएगी, जिसकी अगुवाई सभा के प्रधान रोहितदीप सिंह करेंगे।
भव्य आयोजन में श्रद्धा और सेवा की भावना
बैठक में स्त्री सत्संग सभा की प्रधान जतिन्द्रपाल कौर, श्री सुखमणि साहिब जत्था की प्रधान राज कौर, मंजीत कौर, राजबीर कौर, हरजिंदर कौर, नरिंदर कौर, साकची कमेटी के ट्रस्ट्री सतनाम सिंह सिद्धू, राबिंदर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सभी ने नगर कीर्तन के दौरान अनुशासन, भक्ति और सेवा भाव से सहभागी बनने का आह्वान किया।
Also Read:






