पूर्वी सिंहभूम | 19 अक्टूबर (झा.हे.) दीपावली से पहले मानगो क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पोस्ट ऑफिस रोड, गुरुद्वारा रोड, वैकुंठ नगर, कृष्णा नगर, पहलाद नगर और शांति नगर समेत कई इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। नागरिकों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को समस्या से अवगत कराया, जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कुछ क्षेत्रों में अस्थायी पानी आपूर्ति शुरू करवाई।
जलमीनार से नहीं हुई जलापूर्ति, बताया तकनीकी खामी का मामला
विकास सिंह ने रविवार को अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगभग दस महीने पहले पायल सिनेमा के पास यूको बैंक के बगल में करोड़ों रुपये की लागत से जलमीनार का निर्माण और उद्घाटन किया गया था। उस समय दावा किया गया था कि अब इन क्षेत्रों में पानी की समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है।
उन्होंने बताया कि जलमीनार से अब तक एक दिन भी जलापूर्ति नहीं हुई। कर्मचारियों के अनुसार, टंकी की डिजाइन में तकनीकी खामी है और फिल्टर प्लांट से कभी पानी भेजा ही नहीं गया।
उपायुक्त से कार्रवाई की अपील, पेयजल स्वच्छता विभाग पर लापरवाही का आरोप
विकास सिंह ने कहा कि यह जनता के साथ धोखाधड़ी है और यदि उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी जल्द संज्ञान नहीं लेते, तो वे पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यालय में तालाबंदी आंदोलन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जिम्मेदार अधिकारियों और फर्जी उद्घाटन करवाने वालों पर वे मुकदमा दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे।
Also Read:
Jamshedpur News: विधायक ने किया डॉ. स्वर्ण प्रमा कीर्ति की पुस्तक का लोकार्पण






