पूर्वी सिंहभूम, 6 अक्टूबर। मानगो थाना क्षेत्र के टीचर्स कॉलोनी में सोमवार सुबह एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है। वह बीते एक वर्ष से एक विवाहित महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। महिला के दो बच्चे हैं और वह पति से अलग रह रही थी।
लिव-इन रिलेशनशिप में युवक की आत्महत्या
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अभिषेक का शव उसकी प्रेमिका के घर में फंदे से लटका मिला। महिला ने यह दृश्य देखकर तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में अभिषेक को एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में हंगामा, प्रेमिका पर गुस्साए परिजन
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों ने हंगामा किया। गुस्से में उन्होंने प्रेमिका पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और महिला को सुरक्षित रूप से एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
अभिषेक के परिजनों का आरोप है कि महिला पिछले कई महीनों से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। बताया गया कि करीब छह महीने पहले अभिषेक ने महिला को किराए के फ्लैट में रखा था, जहां दोनों साथ रह रहे थे। परिजनों का कहना है कि रविवार की रात दोनों साथ थे, लेकिन सोमवार सुबह युवक ने खुदकुशी कर ली।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल प्रेमिका से पूछताछ की जा रही है ताकि खुदकुशी की असली वजह सामने आ सके।